झुंझुनूं में कल होगा आस्था का महासंगम: कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत सहित कई विशिष्ट अतिथि करेंगे शिरकत,

संत ओम नाथ जी महाराज के सान्निध्य में होंगे धार्मिक अनुष्ठान, गुलाब गिरी महाराज सजाएंगे भक्ति की संध्या

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
शहर के वार्ड संख्या 51 स्थित शहीद इंद्र सिंह सैनी कॉलोनी में 6 अगस्त ( गुरूवार ) को शिव परिवार, खाटू श्याम जी, हनुमान जी एवं शहीद ( पितर जी महाराज ) की भव्य मूर्ति स्थापना महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम संयोजक महेश बसावतिया ने बताया कि यह भव्य धार्मिक आयोजन चंचल नाथजी टीला के प्रख्यात संत श्री ओम नाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं नेतृत्व में सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत होंगे। इसके अलावा प्रेम सिंह बजोर, मुकेश दाधीच, भाजपा नेत्री संतोष अहलावत, चिड़ावा प्रधान रोहतास धांगड़ तथा चिड़ावा के पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आयोजनकर्ता राकेश सैनी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:15 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके पश्चात 10:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति स्थापना का धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराया जाएगा तथा 11:15 बजे अतिथियों के आगमन के साथ भव्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा।उन्होंने बताया कि रात्रिकालीन भक्ति संध्या में भजन सम्राट गुलाब गिरी जी महाराज एंड पार्टी अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेगी। वहीं रात्रि 9:15 बजे से विशाल जागरण का आयोजन भी होगा। शहीद परिवार के बजरंगलाल सैनी ने बताया कि भगवान को भोग अर्पित करने के उपरांत शाम 5:30 बजे से सवामणी प्रसादी का वितरण किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस भव्य धार्मिक आयोजन में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और जनसहभागिता का अनूठा संगम बनेगा।