दो दिवसीय पाला सकलाय दादा का मेला संपन्न
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
बाकरा स्थित पाला सकलाय दादा मंदिर में चल रहे मेले का समापन हो गया। दिन में पूजा कर भोग लगाने वालों की भीड़ रही तो दोपहर में आयोजन समिति की ओर से कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें गांव के अमित चौधरी ने 11 हजार रुपए की कुश्ती व पालोटा के अनुज ने 3100 रुपए की कुश्ती जीती। आयोजन समिति के सदस्य पूर्व सरपंच सतीश खीचड़ ने बताया कि मेले के दूसरे दिन सुबह से ही दादा की पूजा करने व भोग लगाने वालों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने दुकानों पर खरीदारी भी की। दोपहर बाद मंदिर परिसर के पास कुश्ती प्रतियोगिताएं हुई। जिसमें हरियाणा के मंजीत को हराकर बाकरा के अमित चौधरी ने 11000 की तथा सतनाली के सुमित को हराकर पालोटा के अनुज ने 3100 रुपए की कुश्ती जीती। 10 से ज्यादा अन्य छोटी कुश्ती प्रतियोगिताएं हुईं।
प्रतियोगिता के दौरान बगड़ के सुभाष व होशियार ने रैफरी की भुमिका निभाई। विजेताओं को सुरेश खीचड़ व राजेंद्र खीचड़ परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व तहसीलदार खीचड़, सुभाष जांगिड़, शीशराम खीचड़, सुभाष खीचड़, रामचंद्र खीचड़, होशियार सिंह खीचड़, मुनालाल कुमावत मौजूद थे। इस मौके पर विधायक राजेंद्र भांबू ने अपने संबोधन में कहा कि पाला सकलाय दादा मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। जहां हर वर्ष आयोजित होने वाला मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। विधायक ने सभी श्रद्धालुओं से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और क्षेत्र के विकास में सहयोग देने का आह्वान भी किया। इससे पहले पाला सकलाय दादा मंदिर में रविवार को दो दिवसीय वार्षिक मेला शुरू हुआ। शाम को पंडित नवरत्न दाधीच के सानिध्य में पाला सकलाय दादा की विशेष पूजा व आरती की गई। इसके बाद जागरण शुरू हुआ। जिसमें बाबूलाल चौधरी, सोनम गुर्जरी और ममता चौधरी भजनों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा आशा मीणा, रेणू रंगीली, अंजली चौधरी व शारदा मीणा ने प्रस्तुतियां दी। इससे पहले सुरेश खीचड़ व राजेंद्र खीचड़ ने अतिभियों व कलाकारों का माला पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू














