गुढ़ागौड़जी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच-पांच हजार के इनामी आरोपी दबोचे
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ एवं आगजनी की वारदात को अंजाम देने वाले दो ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रूपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों को नीम की ढाणी तन बामलास क्षेत्र से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ महावीर सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई का नेतृत्व गुढ़ागौड़जी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार रोलन ने किया। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 को नीम की ढाणी तन बामलास निवासी सुमन देवी पत्नी स्व. बुद्धराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी पुत्री के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान राकेश पुत्र शीशराम, उर्मिला देवी पत्नी श्रवण कुमार, सुरेश पुत्र मोतीराम, राजकुमार पुत्र गुरूदयाल तथा अन्य लोग दो गाड़ियों में सवार होकर आए और गाली-गलौज करते हुए घर में घुस गए। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की तथा उसकी आंखों में लाल मिर्च डाल दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के देवर लोकूराम के साथ भी आरोपियों ने लकड़ी, कुल्हाड़ी और केबल से हमला कर गंभीर मारपीट की। हमले में महिला के पैरों एवं शरीर पर तथा उसके देवर के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि आरोपियों ने इससे पहले 3 अक्टूबर 2025 को भी मारपीट एवं तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार दबिश और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस ने पांच-पांच हजार रूपए के इनामी आरोपी राकेश कुमार पुत्र शीशराम (29) एवं राजकुमार पुत्र गुरूदयाल (40) निवासी नीम की ढाणी तन बामलास को गिरफ्तार कर लिया। टीम में सुरेश कुमार रोलन, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी गुढ़ागौड़जी , हेमराज उपनिरीक्षक प्रभारी जिला स्पेशल टीम , प्रकाशचंद सहायक उपनिरीक्षक , गौतम कांस्टेबल जिला स्पेशल टीम , अमित कांस्टेबल जिला स्पेशल टीम , सुनील कुमार कांस्टेबल जिला स्पेशल टीम, संदीप कांस्टेबल जिला स्पेशल टीम शामिल रहें Iपुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी हैं I










