राजस्व न्यायिक सेवा कैडर बनवाएंगे — सुशील शर्मा

बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए चुनाव 22 अप्रेल को, उम्मीदवार सुशील शर्मा ने झुंझुनूं में वकीलों से मांगा समर्थन

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
बार काउंसिल आफ राजस्थान के 23 सदस्य पद के लिए चुनाव 22 अप्रेल को होंगे। चुनाव को लेकर प्रदेशभर में सरगर्मियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशी अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सदस्य पद के उम्मीदवार सुशील शर्मा झुंझुनूं पहुंचे। उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने वकीलों के वेलफेयर से जुड़ी अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए बेहतर मेडिकल सुविधाएं और पेंशन व्यवस्था लागू करना, युवा अधिवक्ताओं के लिए राजस्व न्यायिक सेवा कैडर का गठन तथा हर ग्राम पंचायत में युवा वकीलों को लीगल एडवाइजर के रूप में स्टाइपेंड देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख योजनाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि राजस्व न्यायिक सेवा कैडर बनेगा तो युवा अधिवक्ताओं को अधिकारी बनने का मौका मिलेगा। आजादी के बाद आज भी प्रशासनिक अधिकारी कानून की जानकारी के बगैर न्यायिक कार्य कर रहे है। जिससे पक्ष—विपक्ष और प्रशासन, तीनों को परेशानियां हो रही है। राजस्व न्यायिक सेवा का गठन होगा तो कानून के जानकार ही न्यायिक अधिकारी बनकर न्याय के सिद्धांत को धरातल पर लाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बार काउंसिल द्वारा वकीलों के कल्याण पर जितनी राशि खर्च की जाती है। उतनी ही राशि सरकार से भी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत प्रदेशभर में 239 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां कुल 84 हजार 247 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। झुंझुनूं जिले में करीब 2600 वकील मतदान करेंगे। इस बार 23 सदस्य पदों के लिए 234 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिनमें 57 महिला अधिवक्ता भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार पहली दफा पांच महिला सदस्यों का निर्वाचन सुनिश्चित किया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के दौरे और संपर्क अभियान लगातार जारी हैं। जिससे पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल बना हुआ है।

अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू