Advertisement
Home राजस्थान चूरू मनरेगा में बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, सड़क से संसद तक...

मनरेगा में बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, सड़क से संसद तक संघर्ष का ऐलान

जिला कांग्रेस ने की मंडेलिया हाउस में प्रेस वार्ता, 11 जनवरी को उपवास व 12 से 29 जनवरी तक आयोजित होगा जनजागरण अभियान

चूरू। मनरेगा में किए जा रहे बदलावों के विरोध में चूरू कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को शहर व देहात ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं जिला संगठन प्रभारी विधायक हाकम अली खान ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण सरकारी योजना नहीं, बल्कि गरीबों के रोजगार का संविधान प्रदत्त अधिकार है। यदि केंद्र सरकार ने इस अधिकार पर हमला जारी रखा तो कांग्रेस हर गांव, हर ढाणी, हर वार्ड और हर गली में जनता को साथ लेकर निर्णायक संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी का नाम हटाकर श्रमिकों के अधिकार छीने जा रहे हैं और यह रोजगार के अधिकार को खत्म करने की साजिश है।चूरू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार गरीब मजदूरों की जीवन रेखा मानी जाने वाली मनरेगा योजना पर कुठाराघात कर रही है। यह मेहनतकश, गरीब और वंचित वर्ग के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 11 जनवरी को पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित गांधी स्मारक के सामने एक दिवसीय उपवास रखा जाएगा।इसके साथ ही 12 जनवरी से 29 जनवरी तक मनरेगा को लेकर गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और वार्ड-वार्ड में जन जागरण कार्यक्रम और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन को साथ लेकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेंगे।प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जमील चौहान ने किया।

चूरू  | मनरेगा बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, सड़क से संसद तक संघर्ष का ऐलान

 

Advertisement