आसेरी गेस्ट हाउस में पीपल्स ग्रीन पार्टी का ग्रीन स्वराज सम्मेलन आयोजित
चूरू। पीपल्स ग्रीन पार्टी का ग्रीन स्वराज सम्मेलन रविवार को आसेरी गेस्ट आउस में समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सत्यनारायण सैनी की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि पीपल्स ग्रीन पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधांशु ने संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ. सुधांशु ने कहा कि वर्तमान राजनीति के भ्रष्ट, वंशवादी, जातिवादी, मजदूर और किसान विरोधी सिस्टम को बदलने के लिए पीपल्स ग्रीन पार्टी की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रीन स्वराज राजनीति का एक ईमानदार आंदोलन है, जो देश की आर्थिक बदहाली को समाप्त कर, देश के युवाओं को शैक्षणिक और आर्थिक न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। भारत के वर्तमान राजनीतिक सिस्टम ने युवाओं और महिलाओं को गुमराह करने का काम किया है। ज्ञात रहे कि सरकार ने चंद अमीरों के हाथों में और विदेशी कर्ज के चलते देश को आर्थिक गुलामी की ओर धकेल दिया है। आर्थिक गुलामी के दबाव में वर्तमान सरकार ने हमारी सेनाओं को पाकिस्तान को समाप्त करने के अंतिम युद्ध में संपूर्ण विजय प्राप्त करने से रोक दिया। देश के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है, कि सरकार ने भारतीय सेना को पाकिस्तान पर संपूर्ण विजय पथ पर बढ़ने से रोक दिया। पीपल्स ग्रीन पार्टी देश की सशस्त्र सेनाओं को सलाम करती है। डॉ. सुधांशु ने बताया कि वर्तमान सरकार पूरे विष्व को प्रदूषण के खतरे में डालने का काम कर रही है। देश के पहाड़ों, जंगलों को नष्ट करने का घृणित कार्य कर पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीपल्स ग्रीन पार्टी जागरूक यात्राओं के माध्यम से जनता को सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। पीपल्स ग्रीन पार्टी देश को सामाजिक आर्थिक और राजनैतिक गुलामी से आजादी दिलाने के लिए क्रांति की शुरुआत राजस्थान से करेगी। सम्मेलन अध्यक्षता कर रहे प्रदेशाध्यक्ष सत्यनारायण सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेरणा से पार्टी को नयी ऊँचाइयों पर ले जाने और आमजन में पीपल्स ग्रीन पार्टी को एक उदाहरण के रूप में स्थापित करने के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ी जायेगी। सैनी ने राजस्थान से आये हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय समिति का धन्यवाद ज्ञापित किया। राजस्थान प्रभारी व वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भंवरलाल नायक ने कहा कि इस समय राजस्थान सांप्रदायिक हिंसा और शोषण से पीड़ित है। सरकार ने जातीय विसंगतियां और मतभेद जानबूझकर फैला रखी हैं। राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. तन्मय ने कहा कि पार्टी भ्रष्ट तंत्र और सरकार की कमियों को जनता के सामने उजागर करेगी। सम्मेलन में सतीश नागपाल, किशन लाल सैनी, जयप्रकाश भादू आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने आगंतुक अतिथियों का भव्य स्वागत किया।