Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं हैंडबॉल में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन , तनु...

हैंडबॉल में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन , तनु और पलक का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन

झुंझुनूं के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी तनु कुमारी नेहरा और पलक

राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने को तैयार झुंझुनूं की दो होनहार खिलाड़ी , विद्यालय परिवार में खुशी की लहर

झुंझुनूं। खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की दो होनहार छात्राओं ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय की प्रतिभाशाली खिलाड़ी तनु कुमारी नेहरा और पलक का हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि तनु और पलक का चयन उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। दोनों छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और झुंझुनूं जिले को गौरवान्वित करेंगी।

संस्थान निदेशक निर्मल कालेर ने कहा कि प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है। विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि तनु और पलक की सफलता अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। यह उपलब्धि साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल महेंद्र सैनी, हैंडबॉल कोच दिलबर नेगी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने दोनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दो खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन और बेटियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के संकल्प की भी बड़ी मिसाल है।

Advertisement