रोजड़ा से घाटा वाले बालाजी होते हुए ढाणा जाने वाले मार्ग पर बढ़ी परेशानी , टेंडर के बाद ठेकेदार ने उखाड़ी सड़क, काम शुरू करने की सुध नहीं!
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
क्षेत्र की शिमला-कॉपर मुख्य सड़क से रोजड़ा गांव होते हुए घाटा वाले बालाजी और ढाणा तक जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली और लापरवाही का शिकार बना हुआ है। लंबे समय से जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों को राहत मिलने के बजाय अब दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है। निर्माण के नाम पर पुरानी सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है, लेकिन लंबे समय से काम आगे नहीं बढ़ने के कारण पूरा रास्ता गिट्टी और पत्थरों से अटा पड़ा है।
हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों से लेकर पैदल राहगीरों तक को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, सड़क पुनर्निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित ठेकेदार ने पुरानी सड़क को पूरी तरह उखाड़ दिया। ग्रामीणों को लगा था कि जल्द ही नई सड़क का निर्माण शुरू होगा और वर्षों पुरानी समस्या से छुटकारा मिलेगा, लेकिन सड़क उखाड़ने के बाद निर्माण कार्य ठप पड़ा है। न तो सड़क पर नियमित रूप से रोलर चलाकर गिट्टी को व्यवस्थित किया जा रहा है और न ही आगे का निर्माण कार्य शुरू करने की कोई सक्रियता दिखाई दे रही है।
सड़क की बदहाल स्थिति के चलते रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उखड़ी सड़क पर बिखरे पत्थरों और गिट्टी के कारण वाहन फिसलने तथा दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बेहद जोखिमभरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले टूटी सड़क से परेशानी थी, लेकिन निर्माण के नाम पर सड़क उखाड़कर छोड़ देने से हालात पहले से भी बदतर हो गए हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य में हो रही देरी का संज्ञान लेकर ठेकेदार को तत्काल पाबंद किया जाए और सड़क निर्माण का काम समयबद्ध तरीके से शुरू करवाया जाए। साथ ही निर्माण पूरा होने तक सड़क पर रोलर चलवाकर गिट्टी और पत्थरों को व्यवस्थित करवाया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके। ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका है और पुरानी सड़क भी उखाड़ दी गई है, तो फिर निर्माण कार्य शुरू करने में देरी क्यों की जा रही है? अब देखना यह है कि संबंधित विभाग ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेकर कब तक सड़क निर्माण शुरू करवाता है।
















