एसपी कावेन्द्र सिंह सागर की सख्ती रंग लाई, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर एडीएम का कड़ा एक्शन
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में झुंझुनूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत पांच आदतन अपराधियों को जिला बदर कराया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की प्रभावी पैरवी और प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, झुंझुनूं ने जिला बदर के आदेश जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार जिले में सक्रिय आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिन पांच अपराधियों को जिला बदर किया गया है, उनमें विकेश पुत्र हजारीलाल निवासी वार्ड नंबर 25, बापू बस्ती (कोतवाली थाना), अनिल पुत्र प्रसादाराम निवासी अडूका (थाना चिड़ावा), सुरेन्द्र पुत्र रामकरण निवासी पिचानवा (थाना चिड़ावा), रामस्वरूप पुत्र गेन्दाराम निवासी अडूका (थाना चिड़ावा) तथा महेन्द्र कुमार पुत्र बालूराम निवासी वार्ड नंबर 10, कस्बा बगड़ (थाना बगड़) शामिल हैं। जिला पुलिस के अनुसार इन सभी आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनकी लगातार आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इन तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए राजस्थान गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों के तहत इनके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि झुंझुनूं पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर और प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।










