Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उठे...

एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उठे सवाल

हनुमानगढ़ में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपने वाली पीड़िता एमना बीबी

एसपी से मुलाकात कर पीड़िता ने लगाई गिरफ्तारी की गुहार, हथियार लेकर घर के आसपास घूमने और जान से मारने की धमकियां देने का लगाया आरोप

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
सदर पुलिस थाना क्षेत्र के डबलीबास मौलवी में घर में घुसकर कथित वारदात के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। पीड़िता एमना बीबी पत्नी सिकंदर खान ने पुलिस अधीक्षक को दोबारा प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता ने मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार उसे डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। एसपी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र के अनुसार पीड़िता ने 16 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 18 नवंबर 2026 को सदर पुलिस थाना में एफआईआर नंबर 376/2026 दर्ज की गई। पीड़िता का आरोप है कि 15 नवंबर को उसके घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के दौरान क्षेत्र के कई वार्ड पंच और अन्य व्यक्ति मौके पर मौजूद थे, जो इस मामले के चश्मदीद गवाह हैं।

वार्ड पंचों को बताया चश्मदीद गवाह

पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में जसवंत सिंह पंच वार्ड-11, सर्वजीत सिंह पंच वार्ड-19, कर्मवीर सिंह पंच वार्ड-22, सतनाम सिंह पंच वार्ड-3, राजू खान पंच वार्ड-3 करडू, मुकंद सिंह पंच वार्ड-16 और सुमनजीत सिंह पंच वार्ड-25 सहित अन्य लोगों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है। इसके अलावा हनीफ खां और अलशाद खां निवासी करडू को भी गवाहों की सूची में शामिल किया गया है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस इन सभी के बयान दर्ज कर मामले की जांच को आगे बढ़ा सकती है।

प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी हथियार लेकर उसके घर के आसपास घूम रहे हैं तथा आए दिन जान से मारने की खुली धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपी कथित तौर पर पुलिस में अच्छी जान-पहचान होने और अपने खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की बात कहकर उसे भयभीत कर रहे हैं। इससे पीड़िता और उसके परिवार में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

इस मामले में कई वार्ड पंचों के चश्मदीद गवाह होने का दावा किए जाने के कारण प्रकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, सभी चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज किए जाएं तथा नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Advertisement