मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक, नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल, झुंझुनूं में बुधवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ मानसिक मजबूती, समय पर पहचान और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में एनएमएचपी झुंझुनूं के डीएनओ डॉ. कपूर थालोर, एसआर साइकियाट्री डॉ. तुलसी शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर नरेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहभागिता की। स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मानसिक परेशानियों को नजरअंदाज करने के बजाय उनकी शुरूआती पहचान कर समय पर उचित विशेषज्ञ सहायता लेना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं होना चाहिए। जरूरत के समय परिवार, शिक्षक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बातचीत करना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी और मानसिक मजबूती का परिचायक है।
कार्यक्रम में ऐसा वातावरण बनाने पर भी जोर दिया गया, जहां लोग बिना किसी भेदभाव और झिझक के अपनी मानसिक परेशानियों के बारे में बात कर सकें और समय पर मदद प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत राजस्थान, नशामुक्त भारत और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में हुआ साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम












