गुजरवास के पास बाजरे और ग्वार की कटी फसल में लगी आग, केसीसी प्रोजेक्ट व खेतड़ी नगरपालिका की दमकलों ने पाया काबू , किसानों ने लाखों रूपए के नुकसान का जताया अनुमान
सिंघाना । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सिंघाना क्षेत्र के गुजरवास गांव के पास बुधवार दोपहर खेतों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के बीच आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और खेतों में काटकर रखी बाजरे व ग्वार की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण किसानों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
हालांकि, तेज हवा के कारण आग लगातार एक खेत से दूसरे खेत की ओर फैलती रही। आग की लपटों ने खेतों में काटकर रखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत देखते ही देखते राख में बदल गई । घटना की सूचना मिलने पर केसीसी प्रोजेक्ट और खेतड़ी नगरपालिका की दमकलें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने कई स्थानों पर फैल चुकी आग पर पानी का लगातार छिड़काव कर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीण भी दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में जुटे रहे।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक खेतों में काटकर रखी बाजरे और ग्वार की बड़ी मात्रा में फसल जलकर राख हो चुकी थी। किसानों के अनुसार आगजनी में लाखों रूपए की फसल का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि तेज हवा के चलते आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मौके पर सर्वे करवाकर फसल नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।















