पेट में खुली चोट से आंत बाहर निकली, सादड़ी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पाली जिला अस्पताल रेफर
सादड़ी।प्रहलाद सिंह चारण
सादड़ी थाना क्षेत्र के सिंदरली गांव में खेत में बाड़ कर रहे एक युवक पर अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं। पेट में लगी चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी आंत बाहर निकल आई। घायल को सादड़ी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पाली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सिंदरली निवासी नारू पुत्र धनाराम (26) बेरा हरनवा स्थित अपने खेत में बाड़ का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में नारू के पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घायल नारू को सादड़ी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में पेट में खुली चोट पाई गई और चोट के कारण आंत बाहर निकली हुई थी। डॉक्टर राजेन्द्र पुनमिया और नर्सिंग अधिकारी मुकेश सेन ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए पाली जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट जितेंद्र सिंह राठौड़ और ईएमटी देवेंद्र गर्ग घायल को सादड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की सलाह के बाद घायल को 108 एंबुलेंस से पाली जिला अस्पताल पहुंचाया गया।














