गंदे पानी की निकासी, सड़क निर्माण, सफाई और सीवरेज चैंबर दुरुस्त करने की उठी मांग; कन्या महाविद्यालय के पीछे खेल मैदान सुधारने की भी रखी बात
चूरू। शहर में सफाई व्यवस्था और आमजन की मूलभूत समस्याओं का जायजा लेने के लिए नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने वार्ड 16, 18 और 19 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर वार्डवासियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।
जल निकासी और सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया
निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों ने बताया कि कई स्थानों पर गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी हो रही है। लोगों ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, आवश्यकता के अनुसार नई सड़कों के निर्माण और नियमित सफाई करवाने की मांग रखी।
इसके साथ ही ड्रेनेज और सीवरेज योजना के तहत बने चैंबरों को दुरुस्त करवाने की बात भी कही गई। स्थानीय लोगों ने कन्या महाविद्यालय के पीछे स्थित खेल मैदान की बदहाल स्थिति में सुधार करवाने की मांग की, ताकि युवाओं और खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बरसात में घरों में घुसता है गंदा पानी
वार्ड 19 के निवासियों ने बरसात के दौरान घरों में गंदा पानी घुसने की समस्या से सभापति को अवगत करवाया। उन्होंने बरसाती पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान करवाने की मांग की, जिससे बारिश के समय लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
वार्डवासियों ने सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई का आश्वासन
सभापति विनय गोयनका ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना है। वार्डों का निरीक्षण कर मौके पर समस्याओं की जानकारी ली जा रही है।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं का परीक्षण करवाकर समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सफाई, सड़क, जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करना नगर परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नगर मंडल प्रभारी सुरेश सारस्वत, पार्षद नरेंद्र सैनी, राजेश रक्षक, लिखमीचंद प्रजापत, गोपाल शर्मा, नारायण बेनीवाल, बाबू पाटिल, दयाल सिंह निर्बान, निरंजन सिंह राठौड़ सहित अनेक वार्डवासी मौजूद रहे।












