अपना घर आश्रम ने बेहतर उपचार के लिए जयपुर भेजा; SMS अस्पताल के चिकित्सकों ने किया दुर्लभ ऑपरेशन, लंबे समय से असहनीय दर्द से मिली राहत
भरतपुर।रिंकू एलिजा
जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में चिकित्सकों ने एक दुर्लभ चिकित्सकीय मामले में 30 वर्षीय महिला के शरीर से करीब 7 इंच लंबी नुकीली धातु की वस्तु निकालकर उसे लंबे समय से चली आ रही पीड़ा से राहत दिलाई। महिला भरतपुर स्थित अपना घर आश्रम में रह रही थी। चिकित्सकों ने इस मामले को असामान्य और चुनौतीपूर्ण बताया है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी 30 वर्षीय प्रभुजी मंजू को 18 अक्टूबर 2026 को अपना घर आश्रम में आश्रय एवं उपचार के लिए लाया गया था। वह लंबे समय से पेट के निचले हिस्से में दर्द, बेचैनी और पेट में बने घाव से मल निकलने की समस्या से परेशान थीं। आश्रम की ओर से RBM अस्पताल और अन्य निजी चिकित्सालयों में उनकी जांच एवं उपचार करवाया गया। सोनोग्राफी और सीटी स्कैन सहित कई जांचों के बावजूद बीमारी का वास्तविक कारण सामने नहीं आ सका।
लगातार परेशानी के चलते तीन दिन पूर्व मंजू को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के SMS अस्पताल भेजा गया। यहां उन्होंने चिकित्सकों को पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द और मल त्याग के दौरान कभी-कभी रक्त आने की शिकायत बताई। इसके बाद चिकित्सकों ने कोलोनोस्कोपी की, जिसमें शरीर के अंदर नुकीली धातु की बाहरी वस्तु होने का पता चला।
ऑपरेशन में निकली पीलर जैसी नुकीली वस्तु
SMS अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जगराम मीणा ने बताया कि यह अत्यंत दुर्लभ एवं असामान्य चिकित्सकीय मामला था। जांच के बाद ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन के दौरान करीब 7 इंच लंबी और एक इंच से अधिक मोटी स्टेनलेस स्टील की नुकीली वस्तु निकाली गई। इसके पिछले हिस्से में प्लास्टिक लगा हुआ था और दोनों ओर नुकीले दांत बने हुए थे। यह वस्तु सब्जियां छीलने वाले पीलर जैसी थी।
डॉ. जगराम मीणा के अनुसार, यह निश्चित रूप से पता नहीं चल पाया कि इतनी बड़ी धातु की वस्तु महिला के शरीर में किस प्रकार पहुंची और कितने समय से मौजूद थी। चिकित्सकीय संभावना के अनुसार, वस्तु एनल कैनाल के रास्ते शरीर में पहुंची हो सकती है। वस्तु की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने इस संभावना को अधिक माना।
लंबे समय तक शरीर में रहने से हो सकती थीं गंभीर जटिलताएं
चिकित्सकों ने बताया कि इस तरह की नुकीली धातु की वस्तु शरीर के अंदर लंबे समय तक मौजूद रहने से गंभीर संक्रमण, आंतरिक चोट, रक्तस्राव और अंगों को नुकसान जैसी जानलेवा जटिलताएं पैदा हो सकती थीं। वस्तु कितने समय से शरीर में मौजूद थी, इसका निश्चित अनुमान नहीं लगाया जा सका।
वस्तु निकाले जाने के बाद मंजू को लंबे समय से चली आ रही पीड़ा से राहत मिली है। अपना घर आश्रम परिवार ने SMS अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जगराम मीणा और उनकी पूरी चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह मामला असहाय और जरूरतमंद व्यक्तियों के उपचार में शारीरिक लक्षणों की गहन जांच तथा निरंतर चिकित्सकीय निगरानी के महत्व को रेखांकित करता है। अपना घर आश्रम का उद्देश्य समाज के उपेक्षित, असहाय और बीमार लोगों को सम्मानपूर्वक आश्रय, उपचार एवं पुनर्वास उपलब्ध करवाना है।
———————————————————————–


















