श्रीकरणपुर सेक्टर में सीमा चौकी कोहली के क्षेत्र में मिला संदिग्ध पैकेट, BSF ने हेरोइन केसरीसिंहपुर पुलिस को सौंपी
श्रीगंगानगर। मनजीत सिंह
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रीकरणपुर सेक्टर में तैनात 118वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा चौकी कोहली के जिम्मेदारी क्षेत्र में स्थित चक नंबर 13-SB से करीब 810 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची BSF टीम
BSF की 118वीं वाहिनी के कमांडेंट कमल सिंह राठौड़ के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर रमेश कुमार को एक अज्ञात व्यक्ति ने चक नंबर 13-SB में संदिग्ध पैकेट पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रमेश कुमार के नेतृत्व में BSF की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान संदिग्ध पैकेट बरामद कर उसे कब्जे में लिया गया। जांच करने पर उसमें लगभग 810 ग्राम हेरोइन मिली।
पुलिस को सौंपा मादक पदार्थ
बरामदगी के बाद BSF ने संबंधित थाना केसरीसिंहपुर पुलिस को सूचना दी। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए 810 ग्राम हेरोइन पुलिस के सुपुर्द कर दी गई।
सीमा पर निगरानी जारी
118वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल की ओर से सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। बल के जवान लगातार निगरानी और गश्त के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।














