Advertisement
Home राजस्थान श्रीगंगानगर श्रीकरणपुर-रायसिंहनगर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल

श्रीकरणपुर-रायसिंहनगर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल

श्रीकरणपुर-रायसिंहनगर हाईवे 911 पर गांव 49F के पास मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए सड़क हादसे का समाचार

गांव 49F के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, रायसिंहनगर एसडीएम ने घायल को अपने वाहन से पहुंचाया अस्पताल

श्रीकरणपुर।श्रीगंगानगर । मनजीत सिंह
भारतमाला रोड हाईवे-911 पर श्रीकरणपुर से रायसिंहनगर मार्ग पर गांव 49F के पास बीती रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मृतक के साथ मौजूद करीब 10 वर्षीय बच्चा बाल-बाल बच गया।

चंद्रभान की मौके पर मौत, नीरज गंभीर घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 11 निवासी चंद्रभान पुत्र वीरपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वार्ड नंबर 8 निवासी नीरज पुत्र देसराज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सहायता के प्रयास किए।

रायसिंहनगर एसडीएम ने दिखाई मानवता

हादसे के दौरान वहां से गुजर रहीं रायसिंहनगर की उपखंड अधिकारी (एसडीएम) ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने गंभीर रूप से घायल नीरज को अपने वाहन से श्रीकरणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, ताकि उसे जल्द उपचार मिल सके। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नीरज की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए श्रीगंगानगर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया शव

हादसे के बाद पुलिस ने मृतक चंद्रभान के शव को मोर्चरी में रखवाया। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Advertisement