10 सितंबर को तुलस्यान बंसल सेवा सदन में लगेगा विशाल भंडारा, देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
श्री राणी सती दादी जी की वार्षिक पूजा के अवसर पर झुंझुनूं में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का भव्य संगम देखने को मिलेगा। 11 सितंबर को होने वाली श्री राणी सती दादी जी की वार्षिक पूजा से एक दिन पूर्व 10 सितंबर को श्री राणी सती रोड स्थित तुलस्यान बंसल सेवा सदन में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सेठ श्री धर्मदास तुलस्यान चैरिटी ट्रस्ट द्वारा संचालित सेवा सदन में होने वाला यह भंडारा स्वर्गीय धन्नुराम हलवाई तथा उनके सुपुत्रों स्व. हनुमान बक्स तुलस्यान, स्व. झाबरमल तुलस्यान एवं स्व. महावीर प्रसाद तुलस्यान की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों के सौजन्य से आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार, श्री राणी सती दादी जी की वार्षिक पूजा के मुख्य दिन 11 सितंबर को मंदिर क्षेत्र में बड़ी संख्या में भंडारे आयोजित होते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 10 सितंबर को ही विशाल भंडारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
देश के विभिन्न हिस्सों से दादी जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का झुंझुनूं पहुंचना 10 सितंबर से ही शुरू हो जाता है। ऐसे में पूर्व दिवस पर भंडारे के आयोजन से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और उन्हें प्रसाद ग्रहण करने के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। आयोजकों का मानना है कि इस पहल से 11 सितंबर को मुख्य पूजा के दौरान मंदिर क्षेत्र में बढ़ने वाली भीड़ के बीच व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
साथ ही दूर-दराज से आने वाले भक्तों को पहले ही दिन सेवा एवं प्रसाद का लाभ मिल सकेगा। यह भंडारा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि पूर्वजों की पुण्य स्मृति को सेवा के माध्यम से जीवंत रखने का संकल्प भी है। स्वर्गीय धन्नुराम हलवाई एवं उनके तीनों सुपुत्रों की पुण्य स्मृति में आयोजित इस सेवा कार्य में तुलस्यान परिवार श्रद्धा एवं समर्पण के साथ जुटा हुआ है।
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान के प्रयासों से झुंझुनूं , पुणे एवं मुंबई प्रवासी परिवारजनों के सहयोग से इस विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भंडारे को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान, भवन इंचार्ज एवं ट्रस्टी आशीष तुलस्यान, ट्रस्टी इन्द्र चन्द्र तुलस्यान, सीए कृष्ण मुरारी तुलस्यान, रमाकांत तुलस्यान, प्रमोद तुलस्यान, सौरभ तुलस्यान, सुभाष तुलस्यान, उत्तम तुलस्यान एवं अशोक जे. तुलस्यान सहित समस्त तुलस्यान परिवार एवं दादी भक्त तैयारियों में जुटे हैं।
10 सितंबर को तुलस्यान बंसल सेवा सदन में लगने वाला यह विशाल भंडारा दादी भक्तों के लिए सेवा, श्रद्धा और समर्पण का विशेष अवसर बनेगा। वार्षिक पूजा से पूर्व होने वाले इस आयोजन में देशभर से झुंझुनू पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं सेवा की विशेष व्यवस्था रहेगी।












