सुमित रणवां बोले—विकास की गति बनाए रखने के लिए 11 सितम्बर को बांसुरी का बटन दबाएं
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नम्बर 13 में चुनावी माहौल लगातार जोर पकड़ रहा है। टीम गणेशराज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रणवां के समर्थन में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में वार्डवासियों एवं समर्थकों ने उत्साह के साथ भाग लिया और प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से शहर की तस्वीर में बदलाव आया है और आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए हैं।
सुमित रणवां ने कहा कि विधायक गणेशराज बंसल के नेतृत्व में शहर की दशा और दिशा बदलने का कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर में शुरू हुए विकास कार्यों को आगे भी उसी गति से जारी रखने के लिए मजबूत नगर परिषद बोर्ड का गठन जरूरी है। इसके लिए उन्होंने वार्डवासियों से आगामी 11 सितम्बर को बांसुरी के चुनाव चिन्ह वाला बटन दबाकर मंजू रणवां के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद में मजबूत प्रतिनिधित्व मिलने से वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जा सकेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने वार्डवासियों से घर-घर संपर्क कर मतदान की अपील करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रणवां को लड्डुओं से तौलकर समर्थकों ने अपना स्नेह एवं समर्थन जताया। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने मंजू रणवां को विजयी बनाने तथा आगामी 11 सितम्बर को बांसुरी के चुनाव चिन्ह पर मतदान करने का संकल्प लिया।












