बुजुर्गों से लेकर दिव्यांग मतदाताओं तक की संभाली जिम्मेदारी, मतदान को बनाया सुगम
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
बुधवार को हुए नगर निकाय आम चुनाव के प्रथम चरण में मतदान प्रक्रिया को सहज और सुगम बनाने में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों ने सेवा भावना की मिसाल पेश की। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर ड़ा. अरूण गर्ग तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा, झुंझुनूं के निर्देशानुसार स्काउट्स-गाइड्स, रोवर्स-रेंजर्स, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर ‘दिव्यांग मित्र’ के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं के सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि मतदान शुरू होने से लेकर मतदान समाप्ति तक स्वयंसेवक पूरी मुस्तैदी के साथ मतदान केंद्रों पर डटे रहे। स्वयंसेवकों ने वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और वापस लाने के साथ-साथ उन्हें पानी उपलब्ध कराने, छाया में बैठाने तथा मतदान की कतार में व्यवस्थित रूप से लगवाने में सहयोग किया।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध करवाकर उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने में भी स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सक्रियता से ऐसे मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा गया। सेवा कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समन्वय के लिए जिला मुख्यालय स्तर पर सी.ओ. स्काउट महेश कालावत के निर्देशन में राष्ट्रपति अवार्डी स्काउट प्रभारी विजय कुमार गर्वा के नेतृत्व में दिनेश लखटकिया, रामदेव सिंह एवं सुनील कुमार ने जिम्मेदारी संभाली और उत्कृष्ट कार्य किया।
स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों ने मतदान केंद्रों पर सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए लोकतंत्र के महापर्व में अपनी प्रभावी भागीदारी निभाई। मतदान केंद्रों पर उनकी सेवाभावी भूमिका ने ‘दिव्यांग मित्र’ की अवधारणा को धरातल पर साकार किया।
राष्ट्रीय मंच पर झुंझुनूं का जलवा, देशभर के स्काउट-गाइड प्रशिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
प्लास्टिक कचरे से ‘ईको ब्रिक्स’ बनाकर पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश की , स्काउट-गाइड की अभिनव पहल












