निकिता बनी हेड गर्ल, वेदांत मीणा को हेड बॉय की जिम्मेदारी; नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने लिया कर्तव्य, अनुशासन और नेतृत्व का संकल्प
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में सत्र 2026-27 के लिए निर्वाचित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल शौकत अली तथा विशिष्ट अतिथि बीसीसीआई पंजीकृत क्रिकेटर एवं कोच श्रीनाथ अरविंद रहे। विद्यालय बैंड के सदस्यों ने बैंड की धुन के साथ अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। प्राचार्य विजय मसीह ने मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल शौकत अली का परिचय देते हुए बताया कि वे साहस, ईमानदारी और जीवनभर सेवा की भावना के प्रेरणास्रोत हैं। शेखावाटी के चनाना से ताल्लुक रखने वाले कर्नल अली ने सैन्य सेवा की पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाया। वर्ष 1973 में इतिहास में मास्टर डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना में 35 वर्षों तक सेवा दी। इस दौरान उन्होंने इंस्ट्रक्टर, एजुकेशनल एडवाइजर और कमांडर के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। सुरनुस्सी, कपूरथला, पठानकोट, अलवर और हैदराबाद स्थित आर्मी स्कूलों एवं केंद्रीय विद्यालयों में उन्होंने युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन किया। वर्ष 2008 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने बिड़ला पब्लिक स्कूल, पिलानी के एग्जीक्यूटिव बोर्ड में बर्सर के रूप में सेवाएं दीं तथा बाद में बिड़ला एजुकेशन ट्रस्ट के लिए जनसंपर्क का दायित्व संभाला। गोल्फ के प्रति रुचि रखने वाले कर्नल अली समाजसेवा के लिए भी समर्पित रहे हैं। विशिष्ट अतिथि श्रीनाथ अरविंद ने कहा कि छात्र परिषद के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ आपसी सहयोग और टीम भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने नवनिर्वाचित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र परिषद का हिस्सा बनना जिम्मेदारी के साथ-साथ प्रेरणा का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें सौंपे गए दायित्व को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाना चाहिए। साथ ही माता-पिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए जीवन में मिलने वाले प्रत्येक कार्य को पूरी लगन से करने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि कर्नल शौकत अली एवं विशिष्ट अतिथि श्रीनाथ अरविंद ने हेड गर्ल निकिता एवं हेड बॉय वेदांत मीणा सहित हाउस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कैप्टन तथा अन्य पदों पर चयनित विद्यार्थियों को बैज एवं श्रृंगार पट्टी पहनाकर सम्मानित किया। कर्नल शौकत अली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जो आप सोचेंगे, वही हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ पाएंगे।” उन्होंने मेहनत, लगन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन बेहद जरूरी है और विद्यार्थियों को मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एकता, टीम भावना, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की शपथ ली। छात्र परिषद की हेड गर्ल निकिता एवं हेड बॉय वेदांत मीणा के साथ दैविक राज वशिष्ठ, विभुति हरितवाल, संकेत रेपस्वाल, ऐलिस खान, गर्वित जांगिड़, मान्या सैनी, कोमल, भवि सुगंध, सुमैरा खानम, राशि खारिया, रचित पोदार, आर्यराज सिंह, भूमि सोनी, शिवानी अग्रवाल, आंचल जानू, सरिब मोहम्मद, डार्विन बेनीवाल, कबीर खान, तनुश्री, रितिका खंडेलवाल, नितिका, सिद्धांत सिंह, शशांक देवड़ा, हेमंत कुमार, कनिष्का शर्मा, निधि शर्मा, नयंसी, विनित जांगिड़, केशव गाडिया, हसन अजीज कुरैशी, मिनल अग्रवाल, पूजा चाहर, वर्षिका, नवीन सिंह, रचित कुमावत, किशोरी अग्रवाल, मानवी आर्य, सुमित सोनी, प्राची शर्मा एवं रिदित खिचड़ को छात्र परिषद, सदन परिषद एवं एआई स्क्वाड के विभिन्न पदों के लिए शपथ दिलाई गई। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की ओर से मनीष अग्रवाल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने मुख्य अतिथि कर्नल शौकत अली को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अनिल शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मंच संचालन प्रभावी ढंग से किया। विद्यालय स्टाफ ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलुराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने भी नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।





