जिला स्तरीय समारोह में परेड ने दिखाई अनुशासन की झलक, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा देशभक्ति का समां



चूरू। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को चूरू पुलिस लाइन में जिला स्तरीय मुख्य समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में पुलिस जवानों सहित विभिन्न टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। विद्यालयी विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन के जरिए अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वहीं विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
स्वतंत्रता सेनानियों और प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण एवं पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. सहित अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।एडीएम अर्पिता सोनी ने समारोह में राज्यपाल के संदेश का वाचन किया।
कर्तव्य निभाकर राष्ट्र निर्माण में दें योगदान : सुराणा
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की अहम भूमिका है। हमें अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
युवा पीढ़ी देश की एकता और संस्कृति को मजबूत करे : राठौड़
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और समृद्ध संस्कृति को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विकसित भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : सहारण
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि विकसित एवं सशक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर मौजूद लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, चंद्राराम गुरी, सुरेश सारस्वत, मदन गोपाल बालान, वासुदेव चावला, रजत शर्मा, धर्मेंद्र राकसीया, नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह, एसडीएम धीरज झाझड़िया सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार शर्मा एवं प्रमेन्द्र शर्मा ने किया।




















