जिला मुख्यालय पर कलेक्टर अमित यादव ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, श्रीकरणपुर न्यायालय में पौधरोपण के साथ बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री



श्रीगंगानगर।मनजीत सिंह
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर श्रीगंगानगर जिला देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जिला मुख्यालय से लेकर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं तक जगह-जगह तिरंगा फहराया गया और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। जिलेभर में तिरंगा रैलियों, प्रभात फेरियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
जिला मुख्यालय पर कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला कलेक्टर अमित यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में पुलिस जवानों और स्कूली विद्यार्थियों ने परेड प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ाया।अपने संबोधन में कलेक्टर अमित यादव ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने जिले के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा करते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

श्रीकरणपुर न्यायालय में ध्वजारोहण के बाद किया पौधरोपण
श्रीकरणपुर न्यायालय परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्याम कुमार व्यास और न्यायिक मजिस्ट्रेट महिमा दुगड़ ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।समारोह के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए न्यायालय परिसर में पौधरोपण किया गया। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम को स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत की भावना से भी जोड़ा गया।
बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री, शिक्षा का दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान न्यायिक अधिकारियों और बार संघ के सदस्यों ने बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की। बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें देश के प्रति जिम्मेदारी और सेवा की भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

बार एसोसिएशन और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में पुलिस थानाधिकारी सीर कौर, अपर लोक अभियोजक इंद्रजीत सिंह, अभियोजन अधिकारी राजेश कुमार, बार एसोसिएशन सचिव एवं एडवोकेट विनय गर्ग, वरिष्ठ अधिवक्ता युधिष्ठिर सिंह सैनी, कृष्ण कुमार परुथी, एडवोकेट विकास खींचड़, कुलदीप बाना, अजय बिश्नोई, मनोज बिश्नोई, गौरव बिश्नोई, जसप्रीत सिंह सैनी, रामदयाल, रोशन राठौड़, बबिता सहित अन्य न्यायिक कर्मचारी और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।जिले के विभिन्न हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े शहीद परिवारों का सम्मान भी किया गया।
पुलिस लाइन में गूंजा राष्ट्रगान, शान से लहराया तिरंगा; स्वतंत्रता सेनानियों और प्रतिभाओं का सम्मान






















