विक्रेताओं, डीलर्स, सहकारी संस्थाओं व एफपीओ की कार्यशाला आयोजित, कृषि विभाग ने दिया सहयोग का भरोसा



हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
राजस्थान स्टेट सीड्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, हनुमानगढ़ टाउन इकाई की ओर से 14 अगस्त को एटीसी फार्म, हनुमानगढ़ टाउन में राजसीड्स के बीजों की उपलब्धता एवं बिक्री को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार श्रीमती यशवंती की अध्यक्षता में हुई। इसमें राजसीड्स के बीजों को अनुदानित एवं गैर-अनुदानित दरों पर किसानों तक उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध बीज विक्रेताओं, डीलर्स, सहकारी संस्थाओं एवं एफपीओ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में संयंत्र प्रबंधक डॉ. मदन लाल जाट ने आगामी सीजन को लेकर राजसीड्स के विभिन्न प्रमाणित बीजों की उपलब्धता तथा निगम की विक्रय नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाना बेहद आवश्यक है।
इसके लिए निजी एवं सहकारी बीज विक्रेताओं के माध्यम से अधिकाधिक किसानों तक राजसीड्स के बीज पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।डॉ. जाट ने विक्रेताओं से आह्वान किया कि वे आगामी कृषि सीजन में किसानों की मांग के अनुरूप बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कृषि अधिकारियों एवं बीज विक्रेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को बीज लेने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।कार्यशाला में कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया। अधिकारियों में श्री रमेश बराला, श्री सुभाष डूडी, श्रीमती सरोज, श्री राजेन्द्र कुमार बेनीवाल, श्री कुलवंत सहित अन्य अधिकारियों ने शिरकत की। अधिकारियों ने बीज विक्रेताओं को अधिकाधिक प्रमाणित बीजों की बिक्री करने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए मार्गदर्शन दिया।संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार श्रीमती यशवंती ने कहा कि कृषि विभाग का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक किसानों तक समय पर उच्च गुणवत्ता वाले राजसीड्स के बीज पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रमाणित बीज किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों को सस्ता, सुगम एवं विश्वसनीय बीज उपलब्ध करवाने के लिए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।उन्होंने बीज विक्रेताओं से कहा कि बीजों की उपलब्धता एवं वितरण के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो कृषि विभाग को अवगत करवाएं, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके। कार्यशाला में आगामी सीजन में जिले के किसानों को सुगमता से राजसीड्स के प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया गया।






















