दूषित व बदबूदार पानी की शिकायत लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, महामारी फैलने की जताई आशंका



हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
ग्राम पंचायत फतेहगढ़ के गांव खिलेरीबास के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में गांव में बने उच्च जलाशय (ओवरहेड टैंक) की तत्काल सफाई करवाने तथा टैंक पर सुरक्षा जाली लगवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से उच्च जलाशय की समुचित सफाई नहीं होने के कारण पेयजल दूषित हो रहा है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत फतेहगढ़ में पेयजल सप्लाई के लिए खिलेरीबास में उच्च जलाशय बनाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से इसकी सफाई नहीं करवाई गई है। इसके अलावा जलाशय के ऊपर सुरक्षा जाली भी नहीं लगी हुई है। खुले जलाशय में दिनभर पक्षियों का आना-जाना लगा रहता है। पक्षियों के पंख, बीट तथा अन्य गंदगी पानी में गिरने के कारण पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों ने बताया कि जलाशय में गंदगी और कंकड़-पत्थर जमा होने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। कई घरों में नलों के माध्यम से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। जिन घरों में पानी पहुंच रहा है, वहां भी कई बार बदबूदार एवं प्रदूषित पानी आने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की स्थिति इतनी खराब है कि मवेशी भी इसे पीने से परहेज कर रहे हैं।ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी बताया कि उच्च जलाशय के अंदर कबूतरों के मृत पाए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ऐसे में दूषित पानी की सप्लाई से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण करवाने की मांग की।ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की आवश्यकता बढ़ जाती है और ऐसी स्थिति में यदि लोगों को स्वच्छ पानी के बजाय दूषित एवं बदबूदार पानी मिलता है तो इससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो दूषित पानी भविष्य में महामारी का रूप ले सकता है।ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता से उच्च जलाशय की तत्काल सफाई करवाने, मृत पक्षियों एवं अन्य गंदगी को हटाने तथा जलाशय के चारों ओर सुरक्षा जाली लगवाने की मांग की। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता की जांच करवाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। इस मौके पर मनीष मक्कासर, रविन्द्र बैनीवाल, रामचंद्र चौधरी, मांगीलाल स्वामी, ओमप्रकाश, हनुमान प्रसाद, हरीराम, रमेश, आशीष, नीकूराम, रामकुमार, विजय शर्मा, जयपाल गिरी व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।



















