बबाई पुलिस का अवैध बजरी परिवहन पर बड़ा शिकंजा

बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी मिली बजरी, रवन्ना-रॉयल्टी नहीं दिखा सका चालक; 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

खेतड़ी। अजीत जांगिड़
अवैध खनन एवं बजरी के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बबाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजरी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास बजरी परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना अथवा रॉयल्टी दस्तावेज नहीं मिला। मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी खेतड़ी राजेन्द्र कुमार बुरडक के सुपरविजन में थानाधिकारी बबाई सत्यवीर के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त 2026 को सहायक उप निरीक्षक शैतानराम मय जाप्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मौजा चून्दाडा में चिंचडोली की तरफ से आ रहे एक बिना नंबर के महिंद्रा 575 डीआईएक्सपी ट्रैक्टर मय ट्रॉली को रूकवाकर जांच की गई। ट्रॉली में बजरी भरी हुई मिली। पुलिस ने चालक से बजरी के परिवहन एवं उसके वैध दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर चालक ने अपने पास रवन्ना एवं रॉयल्टी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं होना बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में चालक ने बजरी बसई नदी क्षेत्र से चोरी से भरकर लाना बताया। पुलिस ने अवैध रूप से बजरी का खनन एवं परिवहन किया जाना पाए जाने पर बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। वहीं चालक हरिसिंह पुत्र बजरंग सिंह (20), निवासी वार्ड नंबर 6 भगोठ, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक शैतानराम, कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल संजय कुमार तथा चालक कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार पुलिस थाना बबाई शामिल रहे।

अवैध खनन माफियाओं पर बबाई पुलिस का शिकंजा: बजरी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक गिरफ्तार

वन विभाग की टीम पर हमला करने के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, बबाई पुलिस ने