राजकार्य में बाधा पहुंचाकर मारपीट करने, सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने के मामले में की कार्रवाई
खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
बबाई पुलिस ने मंगलवार को वन विभाग की टीम पर हमला करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल को गांव कालोटा क्षेत्र में गौशाला के पास वन विभाग की भूमि पर अवैध खनन किए जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम जांच के लिए गई थी। वन विभाग की टीम में सहायक वन संरक्षक कमलचन्द, हरेन्द्र भाकर, सहायक वनपाल पिंकू कुमार सहित अन्य कार्मिक शामिल थे, वहीं खनन विभाग की ओर से खनिज कार्यदेशक रमेशचन्द मय टीम मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम द्वारा रात्रि करीब 10 बजे मौके का निरीक्षण किया गया, आसपास के खनन पिट्स का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान करीब 10-12 व्यक्ति जिनमें नागरमल गुर्जर निवासी कालोटा, कालूराम गुर्जर निवासी कालोटा, प्रकाश गुर्जर निवासी सिलाटी की ढाणी हाल निवासी ननिहाल कालोटा, शैतान सिंह कालोटा, सुमेर निवासी सिलाटी की ढाणी हाल निवासी ननिहाल कालोटा व अन्य व्यक्ति थे, ने एकराय होकर राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए विभागीय टीम एवं राजकीय वाहनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने खनन विभाग के राजकीय वाहन के शीशे तोड़ दिए तथा विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिससे कुछ कार्मिकों को चोटें आई। स्थिति गंभीर होने पर खनन विभाग की टीम मौके से रवाना हुई, जिनका आरोपियों द्वारा ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो वाहन से पीछा भी किया गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस उपाधीक्षक खेतड़ी एवं थाना बबाई को दी गई, जिस पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा तथा विभागीय टीम को सुरक्षित थाना बबाई लाया गया। मामले को गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा आरोपियों की तलाश की तथा उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी नागरमल, कालुराम व जयचन्द उर्फ शौतानसिंह को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियो से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस दौरान टीम में थानाधिकारी राजपाल, एएसआई पप्पुराम, कांस्टेबल राजेश कुमार, सुगरसिंह आदि शामिल थे।













