न्यू राजस्थान में सजी मेहंदी की रंगोली, छात्राओं ने झूले झूलकर मनाई हरियाली तीज

मेहंदी प्रतियोगिता में सलीना प्रथम, मुस्कान द्वितीय तथा मोनिका व वंदना ने हासिल किया तृतीय स्थान

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
स्थानीय गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान बालिका पी.जी. महाविद्यालय में शुक्रवार को हरियाली तीज के उपलक्ष्य में एन.एस.एस. की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए हाथों पर आकर्षक एवं मनमोहक मेहंदी की डिजाइन उकेरी। हरियाली तीज के रंग में रंगी छात्राओं ने प्रतियोगिता के साथ-साथ झूले झूलकर पर्व का जमकर आनंद लिया। महाविद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा सलीना को प्रथम, मुस्कान को द्वितीय तथा मोनिका एवं वंदना को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्रदान किया गया। संस्था संरक्षिका विनोद ढूकिया, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुमन जानू एवं एन.एस.एस. प्रभारी पिंकेश ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था सचिव पीयूष ढूकिया ने छात्राओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज का पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। यह पर्व जहां मनुष्य को प्रकृति के करीब लाता है, वहीं भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना के माध्यम से पारिवारिक सुख-समृद्धि की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताओं से छात्राओं में क्रियाशीलता, सर्जनात्मकता, एकाग्रता और सामूहिक रूप से कार्य करने की क्षमता विकसित होती है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुमन जानू ने भी छात्राओं को हरियाली तीज की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन छात्राओं में आपसी एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान एवं उन्हें आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में एन.एस.एस. प्रभारी पिंकेश सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में छात्राओं का उत्साह देखते ही बना।

न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय में पुलिस विभाग एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में ऑनलाइन कार्यक्रम