निःशुल्क प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प, स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
यूथ वीरांगनाओं की ओर से राष्ट्रीय युवा दिवस टाउन स्थित इंद्रा कॉलोनी, गली नंबर 1 में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर यूथ वीरांगनाओं द्वारा महिलाओं के लिए निःशुल्क संचालित ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही युवा बालिकाओं एवं महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और उनके प्रेरणादायी संदेशों से अवगत करवाते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। यूथ वीरांगना रजनी ने राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को महान आध्यात्मिक नेता, दार्शनिक एवं विचारक स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद को युवाओं की क्षमता पर अटूट विश्वास था। उनके विचार आज भी देश के युवा नागरिकों को अपने सपनों को संजोने, अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और अपने आदर्शों के अनुरूप भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा महिला और पुरुष को स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेकर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए तथा उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं को सही दिशा और अवसर मिलें तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। रजनी ने बताया कि यूथ वीरांगनाएं हमेशा युवतियों और महिलाओं के लिए नए अवसर तलाशने का प्रयास करती हैं, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर बन सकें। संस्था की ओर से महिलाओं और युवतियों के लिए निःशुल्क सिलाई, ब्यूटी पार्लर, कढ़ाई और स्पोकन इंग्लिश जैसे प्रशिक्षण बैच संचालित किए जाते हैं। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण देकर महिलाओं को हुनरमंद बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिला न केवल अपने परिवार को मजबूत बनाती है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम भूमिका निभाती है। राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं की असीमित क्षमता को पहचानने और उसका सकारात्मक उपयोग करने का अवसर है। युवा अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार के माध्यम से भारत को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की शक्ति रखते हैं। कार्यक्रम में भावना, ऐशना, संगीता, मीनाक्षी, रीमा, सरोज, रजनी सहित अन्य महिलाएं एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहीं।













