गुरु रविदास जयंती के अवसर पर चूरू पहुंची कलश यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
चूरू। महान समाज सुधारक संत गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही कलश यात्रा के चूरू पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के चूरू स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक हरलाल सहारण और भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलश यात्रा का अभिनंदन किया।इस दौरान आयोजित कलश पूजन कार्यक्रम में विधायक हरलाल सहारण, जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया, लोकसभा प्रभारी डॉ. वासुदेव चावला, सह प्रभारी राकेश जांगिड़, जिला संयोजक भास्कर शर्मा, एससी मोर्चा प्रदेश मंत्री सीताराम लुगरिया, जिला प्रमुख वंदना आर्य, जिला मंत्री सत्तार खान, अजीत मेघवाल, धर्मेंद्र राकसिया, सुरेश सारस्वत और राकेश तालनिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य : हरलाल सहारण
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने संत रविदास महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, सद्भाव और सेवा का संदेश देती हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में जनसेवा के कार्यों में जुटे हैं।
भेदभाव समाप्त करने का दिया संदेश — बसंत शर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी महाराज भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए श्रद्धा के केंद्र हैं। उन्होंने समाज में बिना किसी जातिगत भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण का संदेश दिया। शर्मा ने कहा कि संत रविदास के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।लोकसभा कलश यात्रा के संयोजक डॉ. वासुदेव चावला ने संत रविदास के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने कर्म को प्राथमिकता देते हुए भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।लोकसभा सह प्रभारी राकेश जांगिड़ ने कहा कि संत रविदास के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज से भेदभाव की भावना को समाप्त करने के लिए प्रयास किए जाएं।
संत रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक — देवेन्द्र झाझडिया
लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संत रविदास के विचारों को सामाजिक समरसता और प्रगति की प्रेरणा बताया।एससी मोर्चा प्रदेश मंत्री सीताराम लुगरिया ने संत रविदास को महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने समय में जातिगत भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई और समानता का संदेश दिया।निवर्तमान जिला प्रमुख वंदना आर्य ने कहा कि महिलाओं और पीड़ित वर्गों की सेवा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना संत रविदास के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।जिला संयोजक भास्कर शर्मा ने बताया कि कलश यात्रा जिले के विभिन्न गांवों और बस्तियों तक पहुंच रही है। इस दौरान लोगों को संत रविदास जी महाराज के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से अवगत कराया जा रहा है।कार्यक्रम का संचालन मंडल प्रभारी सुरेश सारस्वत ने किया।
समरसता संकल्प अभियान के तहत संत रविदास जयंती कलश यात्रा चूरू से रवाना
झुंझुनूं पहुंची संत रविदास समरसता संकल्प कलश यात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत













