भाजपा ने संत रविदास के समानता व समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
संत शिरोमणि श्री गुरू रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘संत शिरोमणि श्री गुरू रविदास जी महाराज समरसता संकल्प कलश यात्रा’ गुरूवार को झुंझुनूं पहुंची। शहर में भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान “संत रविदास जी महाराज की जय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने संत रविदास के जीवन, व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने बताया कि संत रविदास का जन्म वर्ष 1377 ईस्वी में वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर गांव में एक चर्मकार परिवार में हुआ था। उनके पिता रघु श्री तथा माता करम देवी थीं। बचपन से ही उनकी धार्मिक प्रवृत्ति थी और साधु-संतों की संगति उन्हें अत्यंत प्रिय थी। उनके विचार आज भी समाज को एकता और समरसता का संदेश देते हैं।
यात्रा के जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुभाष पूनिया ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के विचारों और उनके द्वारा दिए गए समानता एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इसी उद्देश्य के साथ पूरे देश में व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है। जिला संयोजक योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि भाजपा द्वारा संत गुरू रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई 2026 (गुरू पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (गुरूरविदास जयंती) तक सात माह का राष्ट्रव्यापी ‘संत शिरोमणि श्री गुस रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान की शुरूआत वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से हुई है। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में यह समरसता रथ लगातार आठ दिनों तक भ्रमण करेगा तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक दिन प्रवास कर सामाजिक समरसता का संदेश देगा। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सह संयोजक महेश जीनगर ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।।इस अवसर पर सह संयोजक सुरेंद्र भाटिया, वर्षा सोमरा, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, पिलानी से भाजपा प्रत्याशी रहे राजेश दहिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।














