माली सैनी समाज संस्था ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कायम की मिसाल, जिलेभर में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निभाई भागीदारी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर वर्ष 2026-27 में पांच चरणों में 31 हजार पेड़ लगाने का संकल्प बुधवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पांचवें चरण के साथ पूरा हो गया। अभियान के अंतिम चरण में संस्था के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत संस्था के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खुडाना में विद्यालय स्टाफ के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पांचवें चरण का समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया। वहीं अशोक नगर में संस्था के मीडिया प्रभारी नरेश बगड़ ने अपने कृषि फार्म हाउस पर पांच पौधे लगाकर अभियान के अंतिम चरण में सहभागिता निभाई। चिड़ावा में संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिटायर्ड एसआई बाबूलाल सैनी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। सामाजिक कार्यकर्ता गिरधारीलाल सैनी कांकरिया ने सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में वट, नीम एवं पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी क्रम में सिंघाना से माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं के ब्लॉक अध्यक्ष डीपी सैनी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। वहीं झुंझुनूं ब्लॉक संगठन मंत्री रामावतार सैनी ने कालेरी ढाणी स्थित अपने फार्म हाउस पर पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
पहले 11 हजार, फिर 21 हजार और अब 31 हजार पौधों का लक्ष्य
संस्था के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने बताया कि माली सैनी समाज संस्था के गठन के बाद से ही पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के प्रथम वर्ष में 11 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। दूसरे वर्ष में 21 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया। वहीं चालू वर्ष 2026-27 में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 31 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य पांच चरणों में निर्धारित किया गया। जिसे 12 अगस्त को पांचवें चरण के साथ पूरा कर लिया गया।
जिले से बाहर कार्यरत समाजजनों ने भी निभाई भागीदारी
शास्त्री ने बताया कि अभियान में झुंझुनूं जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ जिले से बाहर कार्यरत समाज के कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाज के कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर पौधारोपण कर अभियान को व्यापक जनअभियान का रूप दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनके वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है। संस्था द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए भी समाजजनों को प्रेरित किया जाएगा। लगातार तीन वर्षों में 11 हजार, 21 हजार और 31 हजार पौधारोपण के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पूरा करने की दिशा में माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।










