ग्रामीण अंचलों की जर्जर सड़कों का होगा कायाकल्प, कुंभाराम लिफ्ट परियोजना से पिलानी तक जलापूर्ति के टेंडर भी जल्द
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
पिलानी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पिलानी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए राज्य सरकार ने विधायक पितराम सिंह काला की अनुशंसा पर 10 करोड़ 6 लाख रूपये की लागत से 40.250 किलोमीटर लंबाई की मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण तथा नॉन-पैचेबल सड़कों के नवीनीकरण को मंजूरी प्रदान की है। लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए यह स्वीकृति बड़ी राहत मानी जा रही है।विधायक पितराम सिंह काला ने कहा कि विधानसभा में उन्होंने लगातार क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को मजबूती से उठाया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों से गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। सड़कों की स्वीकृति की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे जनहित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए सरकार और विधायक का आभार व्यक्त किया।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा: विधायक काला
विधायक काला ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की आवाज को सदैव सरकार तक मजबूती से पहुंचाते रहेंगे और पिलानी विधानसभा के समग्र विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने बताया कि दो दर्जन से अधिक अन्य सड़कों के प्रस्ताव भी राज्य सरकार को भेजे जा चुके हैं, जिनकी स्वीकृति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शेष प्रस्तावों को भी जल्द मंजूरी दिलाने का प्रयास जारी है। विधायक काला ने बताया कि कुंभाराम लिफ्ट परियोजना के तहत मंड्रेला होते हुए पिलानी तक पेयजल आपूर्ति के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद पिलानी एवं आसपास के क्षेत्रों में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। उन्होंने सड़क स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।
इन प्रमुख सड़कों को मिली स्वीकृति
नॉन-पैचेबल सड़कों के नवीनीकरण में प्रमुख मार्ग – अलीपुर रोड–मेघसागर की ढाणी, स्टेट हाईवे-13–मावंडिया की ढाणी, कंवरपुरा–श्री विजयनगर, कुलहरियों का बास–ठिमाऊ (चूरू सीमा), पिलानी–खेड़ला–नरहड़, रीको पिलानी–रायला नूंह बॉर्डर, पीपली–दूधवा–सूजडोला–छापड़ा बेरी, संपर्क सड़क काजी तथा खेड़ला–खेड़ला का बास मार्ग शामिल हैं। मिसिंग लिंक सड़कों में तोलासेही–चौहानों की ढाणी, विजयपुरा–कंवरपुरा, धींधवा बिचला–भगीना रोड, बनगोठड़ी खुर्द, घण्डावा, श्योसिंहपुरा, ओजटू बायपास–कालू सिंह की ढाणी, अडुका भैरूजी मंदिर–डांगर, अरड़ावता, फरट, धतरवाला तथा खुडिया सहित विभिन्न ग्रामीण मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद पिलानी विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा, जिससे ग्रामीण विकास को नई मजबूती मिलेगी।














