ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
राजस्थान की राजनीति, कानून-व्यवस्था, निकाय एवं पंचायत चुनाव, कांग्रेस की रणनीति, यूजीसी रेगुलेशन, लोहावट हत्याकांड और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव का इंतजार कर रही है। साथ ही कांग्रेस की एकजुटता और आगामी चुनावों में पार्टी की जीत का भरोसा भी जताया।
प्रश्न : सर, जनता जवाब देगी समय आने पर, जिस प्रकार की वर्तमान परिस्थितियां हैं?
अशोक गहलोत : जनता जवाब देने के लिए अभी से तैयार बैठी है। उपचुनावों के नतीजे देख लीजिए, बिहार में भी उनकी स्थिति कमजोर हुई है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जीत हुई। राजस्थान में तो लोग बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। शासन-प्रशासन नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही। भ्रष्टाचार चरम पर है, लोगों की सुनवाई नहीं हो रही। मंत्री जनता से नहीं मिल रहे, जयपुर में उनके दरवाजे बंद हैं। आम आदमी अपनी समस्या लेकर कहां जाए? मुख्यमंत्री को व्यवस्था करनी चाहिए कि जनसुनवाई हो, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा। प्रदेश की स्थिति बेहद चिंताजनक है।
प्रश्न : यूजीसी रेगुलेशन को लेकर आपका क्या कहना है?
अशोक गहलोत : यह मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में रुका हुआ है। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। किसी की अभिव्यक्ति को रोका नहीं जा सकता।
प्रश्न : पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की क्या तैयारी है?
अशोक गहलोत : प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है। हमें पूरा विश्वास है कि गांवों और शहरों—दोनों जगह कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करेगी। जनता का माहौल कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहा है।
प्रश्न : बैठकों में गुटबाजी के नजारे देखने को मिल रहे हैं?
अशोक गहलोत : अगर बीजेपी में गुटबाजी है तो उसके लिए मैं कैसे जिम्मेदार हो सकता हूं?
प्रश्न : लोहावट में एक महिला की निर्मम हत्या हुई है। इस पर आपका क्या कहना है?
अशोक गहलोत : कल रात पूर्व विधायक किसनाराम जी मुझसे मिलने आए थे। एक बिश्नोई परिवार में महिला की हत्या कर दी गई और दो बच्चियां घायल हो गईं। अभी तक आरोपी का पता नहीं चल पाया है। ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। ब्लाइंड मर्डर बढ़ रहे हैं, ज्वेलर्स की हत्या, डकैती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। विपक्ष किन-किन मुद्दों पर बोले? ऐसा लगता ही नहीं कि सरकार काम कर रही है। बीजेपी और आरएसएस के लोग भी सरकार की जितनी आलोचना करते होंगे, शायद हमसे ज्यादा करते होंगे। फर्क सिर्फ इतना है कि हम खुलकर बोल देते हैं।
प्रश्न : पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के बयान पर आपकी प्रतिक्रिया?
अशोक गहलोत : कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। मीडिया चाहे जितनी कोशिश कर ले, पार्टी में कोई बड़ा मतभेद नहीं है। चुनाव तक कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ एकजुट रहेगी। राजनीति में हर पार्टी में अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन हमारी पार्टी में मनभेद नहीं हैं। छोटी-मोटी बातें होती हैं और समय के साथ समाप्त हो जाती हैं।
प्रश्न : चंदा चोरी के मामले पर आपका क्या कहना है?
अशोक गहलोत : इस मामले में अब कई बातें सामने आ रही हैं। वर्षों तक लोगों से चंदा लिया गया, जमीनें खरीदी गईं, निर्माण कार्य हुए और बाद में चढ़ावे भी आए, लेकिन आज तक पूरा हिसाब सामने नहीं आया। मेरा मानना है कि इस पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए।
नोट: यह साक्षात्कार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा दिए गए बयानों का प्रश्न–उत्तर प्रारूप में संपादित प्रस्तुतीकरण है। इसमें व्यक्त विचार उनके अपने हैं।














