शेखावाटी को सड़क विकास की बड़ी सौगात की उम्मीद: गडकरी से मिले सांसद बृजेंद्र सिंह ओला

पचेरी–झुंझुनूं फोरलेन, फतेहपुर रिंग रोड सहित कई अहम परियोजनाओं पर जल्द कार्रवाई का भरोसा; क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र की वर्षों से लंबित महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को गति दिलाने के लिए सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। सांसद ने क्षेत्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं निर्माण शुरू कराने का आग्रह किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए पचेरी–रेवाड़ी तथा लक्ष्मणगढ़–फतेहपुर–रतनगढ़ फोरलेन सहित प्रमुख परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। बैठक में सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने पचेरी–झुंझुनूं (वाया सिंघाना–चिड़ावा–बगड़) राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के फोरलेन निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि परियोजना की डीपीआर और वित्तीय स्वीकृति जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने शीघ्र निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिलाया। सांसद ने मंडावा–रामगढ़ (वाया नांगली) एमडीआर-234 मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि ( सीआरआईएफ ) योजना के तहत स्वीकृति देकर जल्द कार्य शुरू कराने का भी अनुरोध किया। इसके अलावा उन्होंने फतेहपुर (शेखावाटी) के पूर्वी एवं दक्षिणी हिस्से में प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-11, 52 और 58 को जोड़ते हुए शहर में जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को काफी हद तक कम करेगी तथा भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को पूरा करेगी। बैठक में सांसद ओला ने राजगढ़–पिलानी ( एन एच -709ई ) और राष्ट्रीय राजमार्ग-11 को जोड़ने वाली स्टेट हाईवे-13 को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इससे दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, लगभग 15 किलोमीटर की दूरी कम होगी तथा पिलानी, चिड़ावा और झुंझुनूं क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को नई गति मिलेगी। साथ ही सीईईआरआई और बिट्स पिलानी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक आवागमन और अधिक सुगम होगा। सांसद ने लक्ष्मणगढ़–फतेहपुर–रतनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को शीघ्र फोरलेन में परिवर्तित करने की भी जोरदार पैरवी की। उन्होंने बताया कि यह मार्ग सीकर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जैसे जिलों को जोड़ने वाला अत्यंत व्यस्त मार्ग है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु खाटूश्यामजी, जीणमाता और सालासर बालाजी के दर्शन के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं। वर्तमान में दो लेन होने के कारण यहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसलिए इसका फोरलेन निर्माण अत्यंत आवश्यक है। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सकारात्मक रूख अपनाते हुए पचेरी–रेवाड़ी तथा लक्ष्मणगढ़–फतेहपुर–रतनगढ़ फोरलेन परियोजनाओं सहित अन्य प्रस्तावों पर भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के साकार होने से झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे शेखावाटी क्षेत्र का सड़क संपर्क मजबूत होगा। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी, आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा सामरिक दृष्टि से भी क्षेत्र की महत्ता बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शेखावाटी के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।