ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल, न्यायिक अधिकारियों ने विद्यालयों में चलाया जागरूकता अभियान
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
बच्चों को शोषण से सुरक्षित रखने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झुंझुनूं द्वारा “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे” अभियान के तहत अगस्त माह का प्रथम विधिक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झुंझुनूं के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान के तहत झुंझुनूं न्यायक्षेत्र के समस्त न्यायिक अधिकारियों एवं एलएडीसीएस अधिवक्ताओं ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को “शोषण के खिलाफ आवाज उठाओ, स्वयं अपने रक्षक बनो—अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श फर्क समझो, सुरक्षित रहो” विषय पर विस्तार से जानकारी दी।न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, किसी भी प्रकार के शारीरिक, मानसिक अथवा यौन शोषण की स्थिति में बिना डर के आवाज उठाने, विश्वसनीय व्यक्ति को तुरंत सूचना देने तथा उपलब्ध कानूनी संरक्षण एवं सहायता प्राप्त करने के बारे में सरल एवं बाल-अनुकूल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही बच्चों की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल अधिकार, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। संवादात्मक शैली में आयोजित सत्रों में विद्यार्थियों ने खुलकर प्रश्न पूछे, जिनका न्यायिक अधिकारियों ने सहज एवं सरल तरीके से समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वयं की सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने, किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार का विरोध करने तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे” अभियान के माध्यम से भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों को कानून के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के जनहित कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।










