4.13 करोड़ की लागत से बन रहा शिक्षा का नया केंद्र: श्रीकृष्ण नगर राजकीय विद्यालय भवन का विधायक धर्मपाल गुर्जर ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश, बोले— यह भवन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
उपखंड क्षेत्र के श्रीकृष्ण नगर में लगभग 4.13 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन राजकीय विद्यालय भवन का मंगलवार को विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय की निर्माणाधीन कक्षाओं, भवन की संरचना, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाली सबसे बड़ी शक्ति है । आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय भवन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि यह विद्यालय भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों बच्चों के सपनों और उनके सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव है। यहां बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा को निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने और शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। स्थानीय नागरिकों ने भी विद्यालय भवन निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भवन तैयार होने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें आधुनिक एवं प्रेरणादायक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विधायक ने विश्वास जताया कि यह विद्यालय आने वाले वर्षों में खेतड़ी क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और नई पहचान देने वाला संस्थान साबित होगा। इस अवसर पर पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, पूर्व सरपंच फतेह सिंह शेखावत, बबलू अवाना, रोहिताश मनकश, सतीश खरडिया, रामचन्द्र, कैलाश चंद, जयप्रकाश, देवेंद्र, नरेश कुमार, सुभाष, हंसराज, सुमेर सिंह, जयपाल, प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।