जेसीबी से चला विशेष सफाई अभियान, राहगीरों व स्थानीय लोगों को मिली बड़ी राहत; नियमित सफाई का दिया भरोसा
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
सिंघाना। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
कस्बे में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिका सिंघाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सड़क किनारे लंबे समय से पड़े कचरे के विशाल ढेर को हटवा दिया। जेसीबी मशीन और सफाई कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर विशेष अभियान चलाया तथा पूरे क्षेत्र की सफाई कराई। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। सिंघाना-जयपुर मार्ग के किनारे लंबे समय से जमा कचरे के कारण क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई थी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने कई बार नगर पालिका से सफाई कराने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद नगर पालिका सिंघाना ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल सफाई अभियान शुरू कर दिया।
मंगलवार को जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क किनारे पड़े कचरे के बड़े ढेर को हटाकर निर्धारित स्थान पर डलवाया गया। सफाई कर्मचारियों ने सड़क के आसपास फैला कचरा भी समेटा, जिससे पूरा मार्ग साफ-सुथरा नजर आने लगा और आवागमन भी सुगम हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कचरे के कारण राहगीरों को आवागमन में कठिनाई होती थी, जबकि दुर्गंध से आसपास के दुकानदारों और निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा था। कचरा हटने के बाद वातावरण स्वच्छ होने से लोगों ने राहत महसूस की। ग्रामीणों ने नगर पालिका सिंघाना की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मांग की कि भविष्य में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क किनारे दोबारा कचरे का ढेर न लगे और कस्बे की स्वच्छता बनी रहे। नगर पालिका अधिकारियों ने भी नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर सिंघाना के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।













