Advertisement
Home राजस्थान श्रीगंगानगर आषाढ़ अमावस्या पर प्रभु प्रेम ट्रस्ट का विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने...

आषाढ़ अमावस्या पर प्रभु प्रेम ट्रस्ट का विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

भजन सम्राट अनिल अग्रवाल, संजय मित्तल और शकुंतला सारस्वा ने भजनों से बांधा समां, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम बना आयोजन

श्रीगंगानगर ।
आषाढ़ अमावस्या के पावन अवसर पर प्रभु प्रेम ट्रस्ट द्वारा जनसहयोग से संचालित प्रभु प्रेम ट्रस्ट भंडारा सेवा के तहत प्रभु प्रेम भवन, सरकारी अस्पताल के निकट विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं, जरूरतमंद भाई-बहनों एवं राहगीरों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप बेसन गट्टे की स्वादिष्ट सब्जी, दाल, खीर, तंदूरी रोटी, अचार, सलाद तथा केरी पन्ने का मीठा शरबत प्रेमपूर्वक परोसा गया। पूरे आयोजन में सेवा, श्रद्धा और मानवता का अनूठा संगम देखने को मिला।प्रभु प्रेम ट्रस्ट के संस्थापक सदावर्ती कमल अरोड़ा ने बताया कि यह विशाल भंडारा प्रत्येक अमावस्या पर जनसहयोग से आयोजित किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन प्रसाद कराया जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल भोजन कराना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और मानवता की भावना को निरंतर सशक्त करना है।उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का संदेश “एक थाली प्रसाद किसी भूखे के लिए, अनंत पुण्य आपके लिए” समाज को सेवा के लिए प्रेरित करता है। इसी भावना के साथ अनेक दानदाता एवं सेवाभावी नागरिक इस पुनीत कार्य में सहयोग कर किसी भूखे के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करते हैं।आयोजन के दौरान पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर रहा। भजन सम्राट अनिल अग्रवाल, समाजसेवी संजय मित्तल तथा शकुंतला सारस्वा ने अपने सुमधुर भजनों से ऐसा वातावरण बनाया कि श्रद्धालु देर तक भक्ति में लीन होकर भजनों का आनंद लेते रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में ट्रस्ट के स्वयंसेवकों, सहयोगकर्ताओं एवं दानदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में प्रभु प्रेम ट्रस्ट परिवार ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी अमावस्या भंडारा सेवा एवं अन्य जनसेवा कार्यों में भी अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Advertisement