गौशाला में गोवंश को खिलाई हरी सब्जियां व फल, दिव्यांग विद्यालय में बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन; जनसेवा का दिया संदेश
चूरू। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सीताराम लुगरिया ने अपना 58वां जन्मदिन इस बार सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। जन्मदिन के उपलक्ष्य में शहर में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें 251 हेलमेट का निःशुल्क वितरण, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन समारोह तथा गौसेवा जैसे कार्य प्रमुख रहे।सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. एवं भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा की उपस्थिति में चूरू जिला पुलिस को 51 हेलमेट सौंपे गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न मार्गों पर 200 से अधिक राहगीरों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया। इस प्रकार कुल 251 हेलमेट वितरित किए गए।इसी क्रम में भरतिया अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में 82 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।जन्मदिन की खुशियां समाज के विशेष बच्चों के साथ भी साझा की गईं। विजेंद्र वाल्मीकि, पवन चांवरिया एवं अशोक पंवार के सहयोग से देपालसर रोड स्थित मधुर स्पेशल दिव्यांग स्कूल में केक काटकर बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर सीताराम लुगरिया ने संस्थान को 5,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा बच्चों को अल्पाहार भी वितरित किया गया।भाजपा नेता सुरेश सैन बूंटिया के नेतृत्व में डाबला रोड स्थित गोरखनाथ गौशाला में गोवंश को हरी सब्जियां और फल खिलाकर गौसेवा की गई।इस पूरे आयोजन में संत कबीर शिक्षा समिति, चूरू एवं भाईचारा ग्रुप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सीताराम लुगरिया ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाश्चात्य संस्कृति का अनुसरण करने के बजाय जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को जनसेवा के कार्यों के लिए समर्पित करना अधिक सार्थक है। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपने जीवन के विशेष दिनों को सेवा, सहयोग और मानवता के कार्यों के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेन्द्र बावलिया, सचिव गुरु धानका, सुरेश नाई बूंटिया, पार्षद विश्वनाथ जांगिड़, मंडल अध्यक्ष सुरेश सारस्वत, सत्यवीर नीनानिया, रामस्वरूप मेघवाल, हरिराम चौपड़ा, भंवर गुर्जर, गोविंद इंदौरा, अनीश लुगरिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सीताराम लुगरिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।






