अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण, लाभार्थियों के साथ बैठकर किया भोजन, साफ-सफाई और गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “कोई भी भूखा नहीं सोए” के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शहर में संचालित अन्नपूर्णा रसोई का शुक्रवार को नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र कुमार मीणा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला परियोजना अधिकारी अरूण कुमार जाखड़ तथा राजस्व अधिकारी अनीश कुमावत भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अन्नपूर्णा रसोई में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था एवं टोकन वितरण प्रणाली का गहनता से जायजा लिया। आयुक्त रविन्द्र कुमार मीणा ने लाभार्थियों के बीच बैठकर स्वयं भोजन ग्रहण किया तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जांच की। उन्होंने रसोई में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर तथा स्वच्छता मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। आयुक्त ने रसोई संचालक को निर्देश दिए कि राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को स्वच्छ, ताजा एवं पौष्टिक भोजन सम्मानपूर्वक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में दूषित नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया तथा रसोई परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लाभार्थियों से संवाद कर भोजन व्यवस्था के संबंध में उनकी राय भी जानी। नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा रसोई योजना का उद्देश्य गरीब, श्रमिक एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र 8 रूपए में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है और इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाती रहेगी।










