खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे में देर शाम आए तेज आंधी-तूफान के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नारनौल रोड से बुहाना जाने वाले बाईपास मार्ग पर कृष्णा सिटी के पास लगा एक विशाल विज्ञापन बोर्ड (होर्डिंग) तेज हवाओं के कारण टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी, लेकिन सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आंधी चलने लगी। तेज हवा का दबाव इतना अधिक था कि सड़क किनारे स्थापित बड़ा लोहे का संकेतक बोर्ड अपने आधार से उखड़ गया और सीधे सड़क पर आ गिरा। बोर्ड गिरने से पूरे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया तथा दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी। कुछ समय तक सड़क पूरी तरह अवरुद्ध रही, जिससे सिंघाना से बुहाना की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में स्थानीय लोगों और संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर बोर्ड को सड़क से हटाने का प्रयास शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लगे बड़े-बड़े होर्डिंग और विज्ञापन बोर्डों की नियमित जांच नहीं होने के कारण ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आंधी और बारिश के मौसम को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर लगे सभी बड़े बोर्डों एवं होर्डिंगों की सुरक्षा जांच कराई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर सड़क पर गिरे बोर्ड को हटाने के बाद यातायात सुचारू रूप से हो पाया।
Advertisement










