खेतड़ी ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना पंचायत समिति के गाड़ाखेड़ा गांव में शुक्रवार को प्रशासन की ओर से ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और समय व धन दोनों की बचत हो सके। शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा संबंधी कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े कार्यों का निस्तारण किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाया तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पूर्व सांसद ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक छत के नीचे उपलब्ध कराकर नागरिकों को सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है। इस मौके पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य विजेंद्र भास्कर, वर्षा सोमरा, पूर्व सरपंच कृष्ण कुमार यादव, रामजीलाल, संतराम, विजेंद्र, अमीलाल, सुंदरलाल, मनोज कुमार, गोपाल, सुरेश, मनोज कुमार, बृजेश कुमार, राधेश्याम, ओमप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहें I










