नहाने का वीडियो बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने वाला 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

मण्डावा पुलिस की बड़ी सफलता, मध्यप्रदेश से दबोचा गया फरार आरोपी

मण्डावा । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
मण्डावा थाना पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म एवं अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रूपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी हरिसिंह धायल के सुपरविजन में मण्डावा थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी सुशील कुमार कोरी उर्फ सुनील कुमार ने उसका नहाते समय वीडियो बना लिया था। इसके बाद आरोपी ने वीडियो को आधार बनाकर उसे डराया-धमकाया और उसकी सहमति के बिना शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि आरोपी ने वीडियो पीड़िता की बहन को भी भेज दिए। मामले की रिपोर्ट पर मण्डावा थाने में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों, तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशील कुमार कोरी उर्फ सुनील कुमार (24) पुत्र जेहला कोरी निवासी रिचुल, थाना जसो, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला अपराधों के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी में थानाधिकारी रामनारायण चोयल, सहायक उप निरीक्षक अम्मीलाल, हेड कांस्टेबल अनिता, कांस्टेबल विधाधर, सुरेन्द्र कुमार तथा पपेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे महिला अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण बताया।