ओला परिवार की मौजूदगी में नगर परिषद के नए बोर्ड ने संभाला कार्यभार , सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला बोले—‘हमने अपना काम कर दिया, अब आपकी बारी’, सभापति अब्दुल्ला अगवान ने कहा—हर वार्ड मेरा , हर समाज मेरा और हर नागरिक अपना , उपसभापति वीरेंद्र डारा ने 10 दिन में सफाई व शहर की व्यवस्थाओं में बदलाव का दिया भरोसा
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस के नए बोर्ड ने बुधवार को विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा ने नगर परिषद परिसर में पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला, पूर्व जिला प्रमुख डॉ. राजबाला ओला, कांग्रेस नेता अमित ओला सहित ओला परिवार से जुड़े प्रमुख नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से खास बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे ।
अगवान बोले—सभापति की कुर्सी नहीं, जनता की अमानत
पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान ने कहा कि सभापति की कुर्सी उनके लिए महज पद नहीं, बल्कि झुंझुनूं की जनता की अमानत है। जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस भरोसे पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, “हर वार्ड मेरा वार्ड है, हर समाज मेरा समाज है और हर नागरिक मेरा अपना है।” शहर में सफाई, रोशनी, सड़क और नालियों जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। आमजन की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए नगर परिषद स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। अगवान ने अपने संबोधन की शुरूआत पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री शीशराम ओला को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि पांच साल बाद जब पीछे मुड़कर देखें तो गर्व के साथ कह सकें कि झुंझुनूं बदला है और आगे बढ़ा है।
ओला बोले—‘हमने अपना काम कर दिया, अब आपकी बारी’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला ने सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नए बोर्ड की जिम्मेदारी की ओर इशारा करते हुए कहा, “हमने अपना काम कर दिया है, अब आपकी बारी है।” सांसद ओला ने कहा कि अब सभापति और उपसभापति को शहर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। नगर परिषद के माध्यम से शहर के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
आशीर्वाद के साथ सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा को कुर्सी पर बैठाया
सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान के साथ ही उपसभापति वीरेंद्र डारा ने भी बुधवार को विधिवत रूप से कार्यग्रहण किया। सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला, डॉ. राजबाला ओला, कांग्रेस नेता अमित ओला और सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान ने डारा को कार्यग्रहण कराया। इस दौरान सांसद ओला ने सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा को आशीर्वाद देते हुए उन्हें कुर्सी पर बैठाया। कार्यग्रहण के अवसर पर डारा ने ओला परिवार की तस्वीर भेंट कर तथा माल्यार्पण कर सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला, डॉ. राजबाला ओला, अमित ओला सहित अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ओला परिवार और डारा के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक एवं व्यक्तिगत संबंध भी चर्चा में रहे।
डारा पहले भी संभाल चुके हैं उपसभापति की जिम्मेदारी
वीरेंद्र डारा इससे पहले भी नगर परिषद में उपसभापति की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनकी पत्नी भी पूर्व में उपसभापति रह चुकी हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र डारा को ओला परिवार के नजदीकी नेताओं में माना जाता है। ऐसे में इस बार फिर उपसभापति की जिम्मेदारी मिलने और सांसद ओला द्वारा स्वयं उन्हें कुर्सी पर बैठाकर आशीर्वाद देने को कार्यक्रम के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण दृश्यों में देखा गया।
डारा का दावा—10 दिन में दिखेगा बदलाव
कार्यग्रहण के बाद उपसभापति वीरेंद्र डारा ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि अगले 10 दिनों में शहर की सफाई और व्यवस्थाओं में धरातल पर बदलाव नजर आने लगेगा। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में काम किया जाएगा।
बगड़ नगरपालिका का जिक्र भी रहा चर्चा में
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता अमित ओला का बगड़ नगरपालिका अध्यक्ष को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा का विषय रहा। उन्होंने कहा, “जो काम दादाजी और पिताजी के समय नहीं हो पाया, वह हमारे समय में हो गया, यह एक सुखद संयोग है।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा होती रही।
नगमा बानो की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभापति नगमा बानो ने की। इस अवसर पर झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला, पूर्व जिला प्रमुख डॉ. राजबाला ओला, कांग्रेस के युवा नेता अमित ओला, नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान , उपसभापति वीरेंद्र डारा , बगड़ नगरपालिका अध्यक्ष राकेश शर्मा, सुलताना नगरपालिका अध्यक्ष सोनिया जिंद , पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह झाझड़िया , पूर्व चेयरमैन तैयब अली , रामनारायण कुमावत , झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष व वरिष्ठ पार्षद अजमत अली , गिड़ानिया ब्लॉक अध्यक्ष सुमेर सिंह महला , विकास गुर्जर , कुरड़ाराम धींवा , चौथमल कुमावत , पूर्व उपसभापति राकेश झाझड़िया , बिमला बेनीवाल , कार्यकारी जिला अध्यक्ष खलील बुडाना , भीमसर पूर्व सरपंच वल्ली मोहम्मद , कैलाश कुमावत , रेणु राकेश झाझड़िया , अंकित जाखड़ , पप्पू पीर जी पूर्व पार्षद , सत्तार अली , आसीफ अगवान सहित सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि , कांग्रेस कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे।











