Advertisement
Home राजस्थान पाली देसूरी में गांधी-शास्त्री जयंती पर निकाली स्वदेशी जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया...

देसूरी में गांधी-शास्त्री जयंती पर निकाली स्वदेशी जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

देसूरी में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वदेशी जागरूकता रैली निकालते आदर्श विद्यामंदिर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी

आदर्श विद्यामंदिर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने लगाए स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रप्रेम के नारे, दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का लिया संकल्प

देसूरी । पाली । प्रहलाद सिंह चारण
आदर्श विद्यामंदिर माध्यमिक विद्यालय, देसूरी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से स्वदेशी अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया गया।

मुख्य बाजारों से निकली जागरूकता रैली

रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगे, स्वदेशी अपनाने का संदेश देती तख्तियां और बैनर लेकर भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ और ‘जय जवान, जय किसान’ जैसे नारे लगाए।रैली विद्यालय परिसर से रवाना होकर देसूरी के मुख्य बाजारों, मार्गों और चौराहों से गुजरी। इस दौरान आचार्य प्रहलाद प्रजापति, मनीष कुमार और दुष्यंत सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। स्थानीय नागरिकों ने भी रैली का उत्साहवर्धन किया।

गांधीजी के सत्य-अहिंसा और शास्त्रीजी के सादगी के आदर्शों को किया याद

रैली के विद्यालय लौटने के बाद संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य पुखराज चौधरी ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, ग्राम स्वराज और स्वदेशी के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को भी याद किया।प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से देश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय उत्पादकों और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है।

विद्यार्थियों ने लिया स्वदेशी अपनाने का संकल्प

कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों और आचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों ने विद्यालय के इस प्रयास और विद्यार्थियों के अनुशासन की सराहना की।इस जागरूकता अभियान में प्रकाश सोलंकी, ललित कुमार, दिनेश कुमार, प्रियंका सिद्धावत, रेखा टेलर, पूजा मेवाड़ा, ममता, ऊषा वैष्णव, सोनू सोलंकी, मोनिका शर्मा, लक्ष्मी चौधरी और भावना चौधरी सहित विद्यालय स्टाफ की सहभागिता रही।

Advertisement