ददरेवा स्थित “निशान-ए-कायम” में होगा ऐतिहासिक आयोजन, युवाओं के लिए तय होगा एक वर्ष का एजेंडा
चूरू। दादा कायम खां स्मृति अनुसंधान एवं विकास संस्था तथा जिला कायमखानी सभा चूरू के संयुक्त तत्वावधान में दादा कायम खां के 607वें यौम-ए-शहादत के अवसर पर 14 जून 2026, रविवार को दुआ-ए-मगफिरत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम ग्राम ददरेवा, तहसील राजगढ़, जिला चूरू स्थित दादा कायम खां की जन्मस्थली “निशान-ए-कायम” पर आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे किया जाएगा, जिसमें राजस्थान सहित देशभर से कायमखानी समाज के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, बुद्धिजीवी, युवा एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां भाग लेंगी।
2007 से लगातार आयोजित हो रहा है कार्यक्रम
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2007 से राजस्थान के कायमखानी समाज की ओर से दादा कायम खां की जन्मभूमि पर यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य दादा कायम खां की ऐतिहासिक विरासत, शौर्य और समाज के प्रति उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
समारोह के दौरान दादा कायम खां की स्मृति में दुआ-ए-मगफिरत कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
युवाओं के लिए तय होगा एक वर्ष का रोडमैप
इस वर्ष के आयोजन की विशेषता यह होगी कि दोनों संस्थाओं द्वारा समाज के युवाओं के लिए एक वर्ष का कार्य एजेंडा तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही इतिहास, संस्कृति और विरासत संरक्षण को लेकर भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि समाज की नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ा जा सके।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे पदाधिकारी
संस्था के सचिव मुनव्वर अली खां ने बताया कि 14 जून को ददरेवा में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए जयपुर और ददरेवा (चूरू) में अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।आयोजक संस्थाओं ने समाज के लोगों एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।













