सुबह करीब 5 बजे मिली सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस ने किया रेस्क्यू, बच्ची को सांस लेने में तकलीफ; एफबीएनसी वार्ड में चल रहा उपचार
राजलदेसर। राजलदेसर से भावनदेसर जाने वाले मार्ग के पास झाड़ियों में शुक्रवार सुबह एक नवजात बच्ची रोती हुई मिली। सूचना मिलने पर बाल अधिकारिता विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन टीम संबंधित थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और बच्ची का रेस्क्यू किया। प्राथमिक जांच के बाद बच्ची को चूरू के मातृ एवं शिशु अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
चाइल्ड हेल्पलाइन बाल अधिकारिता विभाग के परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय को नवजात बच्ची के झाड़ियों में पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।
रतनगढ़ से चूरू किया रेफर
रेस्क्यू के बाद नवजात बच्ची को रतनगढ़ अस्पताल ले जाकर स्वास्थ्य जांच करवाई गई। वहां से रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस के जरिए उसे चूरू के मातृ एवं शिशु अस्पताल के एफबीएनसी वार्ड में भर्ती करवाया गया।परियोजना अधिकारी के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल पूरी तरह सामान्य नहीं है और उसे सांस लेने में परेशानी हो रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। साथ ही आवश्यक जांचें भी करवाई जाएंगी।
स्वस्थ होने पर बाल कल्याण समिति के समक्ष किया जाएगा पेश
चाइल्ड हेल्पलाइन बाल अधिकारिता विभाग के सरंक्षण में लिया जाकर विभाग की टीम बच्ची के उपचार और देखरेख की प्रक्रिया में जुटी है। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद नवजात बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाना प्रस्तावित है।












