मंडावा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना प्रधानमंत्री का संबोधन, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति के संदेश पर हुई चर्चा
मंडावा I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ को रविवार को मंडावा में भाजपा नगर मंडल की ओर से सामूहिक रूप से सुना और देखा गया। फतेहपुर बस स्टैंड के निकट स्थित सिंघासन हवेली में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद भाजपा नेता इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण के लिए एक अत्यंत प्रेरणादायक माध्यम बन चुका है। इंजी. ढूकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद देश के आम नागरिकों की असाधारण उपलब्धियों और समाजहित में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। इससे समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को एक सूत्र में बांधने और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस बार के संबोधन में प्रधानमंत्री ने रांची में आयोजित नेशनल फेडरेशन कप में भारतीय एथलीटों के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की सराहना करते हुए युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलती है।।इंजी. ढूकिया ने कहा कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा जल बचाने के जन अभियान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी युग में भी युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़े रहने की सीख ‘मन की बात’ के माध्यम से मिलती है। यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना को मजबूत करता है। ढूकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह मासिक संबोधन अब केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि देश के कोने-कोने में सकारात्मक बदलाव लाने वाला व्यापक सामाजिक अभियान बन चुका है। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला मंत्री संदीप शर्मा, मंडल अध्यक्ष मोहनलाल सैनी, कैलाश पीपलवा, एस.एन. इंदौरिया, आलोक शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, बबलू भाया, महावीर शर्मा, बाबूलाल सैनी, बी.आर. मेघवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










