नानूवाली बावड़ी के ग्रामीणों का जलदाय कार्यालय पर प्रदर्शन , नियमित सप्लाई नहीं हुई तो घेराव की चेतावनी
खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के नानूवाली बावड़ी गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं होने से परेशान ग्रामीण जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से वार्ता कर गांव में जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सात दिन में केवल एक बार पानी की सप्लाई की जा रही है। वह भी नाममात्र की होने के कारण अधिकांश परिवारों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों फसल कटाई का समय चल रहा है, ऐसे में किसानों सहित आमजन को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलते , कर्मचारी फोन कर लेते हैं बंद
ग्रामीण डॉ. शीशराम गुर्जर ने आरोप लगाया कि पानी खोलने वाले कर्मचारियों को बाहर के लोग धमकाते हैं। वहीं एलएनटी कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को समस्या का संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार कर्मचारी फोन तक बंद कर लेते हैं, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ रही है। पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के अधिशाषी अधिकारी से फोन पर बात की। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारी ने बैठक में होने की बात कहते हुए समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं बताया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय जिम्मेदारी से बचने के लिए समस्या का जिम्मेदार ग्राम पंचायत के सरपंच को बताया जा रहा है।
पांच साल से टंकी की सफाई नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों ने पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पानी की टंकी की पिछले पांच साल से सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत बनी हुई है। ग्रामीणों ने टंकी की सफाई कराने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
बुधवार से सप्लाई सुचारू करने का आश्वासन
ग्रामीणों ने एलएनटी कंपनी के अधिकारियों से भी समस्या को लेकर बातचीत की। इस पर कंपनी अधिकारियों ने बुधवार से पेयजल सप्लाई सुचारू रूप से शुरू करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो जलदाय विभाग के कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में संजय सैनी, धर्मेंद्र गुर्जर, बलबीर सैनी, रामनिवास सैनी, सुनील सैनी, अरविंद सैनी, पुष्पेंद्र सैनी, संदीप सैनी, पवन सैनी, सुभाष सैनी, बुल्ली सैनी, राजेंद्र सैनी, योगेश सैनी, अनिल सैनी, सुनील सैनी, हंसराज गुर्जर, मोहित गुर्जर और हिमांशु गुर्जर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।











